लखनऊ। लग्जरी गाड़ियों में लाल-नीली बत्ती लगाकर मालवाहक वाहनों से चोरी करने के आरोपी व गैंगस्टर को पीजीआई थाने की पुलिस ने शुक्रवार रात वृंदावन कॉलोनी के सेक्टर आठ अंडरपास से गिरफ्तार किया। आरोपी एसयूवी गैंग का सदस्य है।
इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक बाराबंकी के असंद्रा का 19 वर्षीय मो. दानिश गोसाईंगंज में दर्ज गैंगस्टर के मामले का आरोपी है। उस पर गोसाईंगंज, सुशांत गोल्फ सिटी व सरोजनीनगर थाने में आठ केस दर्ज हैं। दानिश के अन्य साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
गिरोह के सरगना बाराबंकी के देवा निवासी मो. आदिल, सदस्य जानकीपुरम सेक्टर जे के मोहित वर्मा और विकासनगर सेक्टर डी निवासी इकलाख सिद्दीकी को गोसाईंगंज पुलिस चोरी के मामले में बीते वर्ष जेल भेज चुकी है।
पुलिस को चकमा देने के लगाते थे लाल-नीली बत्ती
इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपी लग्जरी गाड़ियों में लाल-नीली बत्ती लगाकर हाईवे पर घूमते थे। फिर सुनसान जगहों पर सड़के किनारे खड़े मालवाहक वाहनों की तिरपाल काटकर माल चुरा लेते थे। लाल बत्ती के कारण पुलिस भी इन पर संदेह नहीं करती थी।