लखनऊ। लोगों को जमीन और प्लॉट दिलाने के नाम पर रुपये हड़पने के आरोपी को एसटीएफ ने मंगलवार को चिनहट इलाके से गिरफ्तार किया। आरोपी सुरजीत कुमार पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। सुरजीत पर कानपुर के किदवई नगर थाने में एफआईआर दर्ज थी।
विज्ञापन
एसटीएफ में डिप्टी एसपी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक मूलरूप से जौनपुर के सिकरारा डमरूआ निवासी सुरजीत कुमार चिनहट के सेमरा में छिपा था। आरोपी के बारे में जानकारी मिलने पर एक टीम गठित की गई। टीम ने सुरजीत को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि वह भाई दिलीप राय बलवानी और भाभी रीता राय के साथ मिलकर लोगों को कानपुर व अन्य शहरों में कॅमर्शियल या आवासीय फ्लैट व प्लाॅट दिलाने के नाम पर ठगी करता है। आरोपियों ने वर्ष 2021 में कानपुर निवासी भगवती प्रसाद मिश्र को कॅमर्शियल फ्लैट दिलाने की बात की थी। इस पर भगवती की ओर से बैंक खाते व अपने अन्य रिश्तेदारों से दिलीप राय बलवानी और रीता राय के संयुक्त बैंक खातों में मोटी रकम ट्रांसफर की थी। काफी समय बीतने के बाद भी आरोपियों ने फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं की। पीड़ित के कहने पर आरोपी टालमटोल करते रहे। पीड़ित ने जब दबाव बनाया तो आरोपियों ने उन्हें धमकी दी और फ्लैट की रजिस्ट्री करने से मना कर दिया। आरोपी के खिलाफ गोमतीनगर थाने में भी वर्ष 2023 में धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोपी को किदवई नगर थाने में दर्ज केस में दाखिल किया गया है।