लखनऊ। इटौंजा के कठवारा गांव से भाई को राखी बांधकर बेटे मोहित के साथ घर लौट रहीं अंजू पर धारदार हथियार से हमला करने के आरोपी कठवारा निवासी जितेंद्र गौतम को बीकेटी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने लूटा गया मोबाइल व 720 रुपये बरामद किए हैं।
अंजू की बेटी मोहिनी ने 16 जून की रात इटौंजा बगहा स्थित घर में फंदा लगा लिया था। मोहिनी की आत्महत्या के पीछे प्रेमी विनीत अंजू व भाई मोहित को दोषी मानने लगा था। वह इसका बदला लेना चाहता था। रक्षाबंधन के दिन कठवारा से भाई को राखी बांधकर बेटे के साथ लौट रहीं अंजू पर शिवपुरी रोड के पास पहले से घात लगाए बैठे विनीत और उसके साथी सुरेश व अज्ञात ने धारदार हथियार से हमला कर दिया था। हमले में दोनों की गर्दन पर गंभीर चोट लगी। दोनों को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
आरोपी पीड़ित से मोबाइल व रुपये भी लूट ले गए थे। इंस्पेक्टर बीकेटी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को पुलिस ने आरोपी जितेंद्र को किसान पथ के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस मुख्य आरोपी विनीत व सुरेश की तलाश में लगी है।