मलिहाबाद। रहीमाबाद के भावाखेड़ा गांव के पास हाईवे पर मंगलवार सुबह आमने-सामने बाइक की टक्कर हो गई। इसमें मलिहाबाद के कुंडरा खुर्द निवासी प्राइवेट गार्ड विनय (45) की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार पत्नी व बेटा घायल हो गए। विनय हेलमेट नहीं लगाए हुए थे।
विनय कुमार की पत्नी शर्मा देवी ने बताया कि वह बेटे विराट और पति के साथ बाइक से रहीमाबाद रिश्तेदार के घर जा रही थीं। रहीमाबाद के भावा खेड़ा गांव के पास हरदोई-लखनऊ राजमार्ग पर गलत दिशा से आ रही बाइक से सामने से टक्कर हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरा बाइक चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां विनय की मौत हो गई।
विनय काकोरी सीएचसी पर प्राइवेट गार्ड के रूप में तैनात थे। उनके परिवार में पत्नी, मां रामावती, दो बेटे और दो बेटियां हैं। इंस्पेक्टर रहीमाबाद आनंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि फिलहाल परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। दोनों बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। घायल मां-बेटे का इलाज चल रहा है।