गुडंबा। ई रिक्शा चालक पर सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप लगा है। बच्ची की मां की तहरीर पर पुलिस ने ई रिक्शा चालक अमित के खिलाफ पॉक्सो और दुष्कर्म की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी विवाहित है।
इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्र के मुताबिक पीड़िता के माता-पिता मूलरूप से सीतापुर के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह गुडंबा क्षेत्र में झोपड़ी डालकर रहते हैं। परिजनों के मुताबिक, 27 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे आरोपी अमित बच्ची को ई रिक्शा में बैठाकर ले गया था। आरोप है कि उसने बच्ची के साथ गलत काम किया और कुछ सामान दिलाकर उसे वापस छोड़ दिया। घर पहुंचने पर बच्ची ने परिजनों को घटना बताई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी के परिवार के लोग गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए। इंस्पेक्टर का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।