महराजगंज (रायबरेली) जनता की शिकायतों के निस्तारण में मनमानी करना लेखपाल को भारी पड़ गया। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम ने उन्हें तहसील कार्यालय से संबद्ध कर दिया है।
थूलेंडी और कदावां में तैनात लेखपाल शिवेंद्र रावत की कार्यशैली पर ग्रामीण लगातार सवाल उठा रहे थे। लोगों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने मंगलवार रात दोनों गांवों का चार्ज लेखपाल से छीनकर राजस्व निरीक्षक कार्यालय से संबद्ध कर दिया।
एसडीएम सचिन यादव ने बताया कि लेखपाल लगातार अपने दायित्व के निर्वहन में शिथिलता बरत रहे थे। उनके विरुद्ध आए दिन जनता से शिकायतें भी मिल रहीं थीं, जिससे लेखपाल को दोनों गांवों से हटाकर राजस्व निरीक्षक कार्यालय से अटैच किया गया है।
उनकी जगह पर अतरेहटा के लेखपाल संतोष पटेल को थुलेंडी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इचौली के लेखपाल संतोष यादव को कदावां का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।