लखनऊ। दर्जा प्राप्त पूर्व राज्य मंत्री रहे नटवर गोयल की बीसीसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के लेखाकार इंदिरानगर निवासी प्रवीण गर्ग को कैसरबाग पुलिस ने कंपनी के 45 लाख रुपये हड़पने के आरोप में वाराणसी से गिरफ्तार किया है।
इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि 9 जुलाई 2025 को कंपनी के महाप्रबंधक पीएन मेहरोत्रा ने प्रवीण गर्ग, उसकी पत्नी अंजना गर्ग और बेटी भाव्या गर्ग के खिलाफ कैसरबाग थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
विवेचना आर्थिक अपराध शाखा कर रही थी। जांच में पता चला कि आरोपी प्रवीण गर्ग मूल रूप से वाराणसी के पांडेयपुर का निवासी है। 26 मार्च 2025 को कंपनी के चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) ने ऑडिट शुरू किया, तो प्रवीण को आभास हो गया कि उसका फर्जीवाड़ा पकड़ा जाएगा। इसलिए उसने 27 मार्च से आना बंद कर दिया था।
केस दर्ज होने के बाद प्रवीण की पत्नी और बेटी ने अदालत से गिरफ्तारी पर रोक हासिल कर ली थी। आरोपी प्रवीण को स्टे नहीं मिला था। पुलिस उसकी तलाश में थी।