यूपी पुलिस के सभी कर्मचारियों का एक्सीडेंट रिस्क कवर हो गया है। दुर्घटना या फिर ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर रैंक के अनुसार तीन से लेकर 10 लाख रुपये उनके परिवारीजनों को मिलेगी। इस बीमा के लिए पुलिस कर्मियों को एक भी पैसा नहीं देना होगा, लेकिन इसका लाभ उन्हीं पुलिस कर्मियों को मिलेगा, जिनके वेतन खाते भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में हैं।
डीजीपी जावीद अहमद ने एसबीआई के साथ शुक्रवार को इसका करार किया। पुलिस कर्मियों को उनके वेतन के अनुसार चार श्रेणियों में बांटा गया है। सिल्वर श्रेणी में हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल व चतुर्थ श्रेणी कर्मी हैं। गोल्ड श्रेणी में इंस्पेक्टर व सब इंस्पेक्टर हैं। डायमंड श्रेणी में पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक व पुलिस उपाधीक्षक होंगे। जबकि चौथी श्रेणी प्लेटिनम की है, इनमें पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक व एसएसपी शामिल हैं।
वेतन के आधार पर सिल्वर श्रेणी वाले 50 हजार, गोल्ड-2 लाख, डायमंड-2 लाख एवं प्लेटिनम श्रेणी वाले 2 लाख रुपये तक की खरीददारी भी कर सकेंगे। यही नहीं सभी पुलिस कर्मियों को आसानी से ओवरड्राफ्ट की सुविधा दो महीने के वेतन के बराबर मिलेगी।
देखें और डिटेल
यूपी डीजीपी जावीद अहमद
- फोटो : amar ujala
छह माह खाते में लगातार वेतन जमा होने के बाद सिल्वर-40 हजार, गोल्ड-70 हजार, डायमंड-1.50 लाख एवं प्लेटिनम-2 लाख रुपये लोन के रूप में ले सकते हैं। यह सुविधा तीन वर्ष के लिए लागू होगी। पुलिस कर्मी एसबीआई के अपने अकांउट को पुलिस सैलेरी अकाउंट में साधारण प्रार्थना पत्र देने पर परिवर्तित कर सकते हैं। पुलिस सैलेरी अकांउट में तीन माह तक वेतन न जाने पर इसे साधारण खाता ही माना जाएगा।
किसकी कितनी होगी बीमित राशि
3 जनवरी 2017 तक सिल्वर-3 लाख, गोल्ड-5 लाख, डायमंड-5 लाख एवं प्लेटिनम-10 लाख रुपये
3 जनवरी 2017 के बाद सिल्वर-5 लाख, गोल्ड-5 लाख, डायमंड-10 लाख एवं प्लेटिनम-10 लाख रुपये
हवाई दुघर्टना बीमा भी होगा कवर
हवाई यात्रा का टिकट एसबीआई डेबिट कार्ड से खरीदने पर गोल्ड-5 लाख, डायमंड-15 लाख एवं प्लेटिनम-25 लाख रुपये का रिस्क कवर मिलेगा।