फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुल्तानपुर : 2008 के मामले में आप सांसद व पूर्व सपा विधायक समेत नौ आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर

Thu, 19 Sep 2019 10:32 PM IST
Amulya Rastogi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सुल्तानपुर

सार

  • कोर्ट ने निरस्त किया गैर जमानती वारंट
  • मामले में अगली सुनवाई पांच अक्तूबर को होगी
  • पेशी पर हाजिर रहने का दाखिल किया मुचलका
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बसपा सरकार के खिलाफ वर्ष 2008 में सपा के डेरा डालो, घेरा डालो कार्यक्रम में सड़क जाम कर प्रदर्शन करने, कलेक्ट्रेट में घुसकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई थी। इस मामले में आरोपित आप नेता व पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह व सपा के पूर्व सपा विधायक अनूप संडा समेत नौ आरोपियों ने गुरुवार को स्पेशल जज एमपी-एमएलए कोर्ट में सरेंडर कर दिया। 
विज्ञापन


स्पेशल जज एमपी/एमएलए प्रशांत मिश्र ने आप सांसद व पूर्व सपा विधायक समेत सभी नौ आरोपियों के खिलाफ जारी गैर जमानती वारंट निरस्त कर दिया। आरोपियों ने पेशी पर हाजिर रहने का मुचलका कोर्ट में दाखिल किया है। मामले में अगली सुनवाई पांच अक्तूबर को होगी। प्रकरण कोतवाली नगर से जुड़ा है। 

प्रदेश की तत्कालीन बसपा सरकार के खिलाफ सपा की ओर से 21 अक्तूबर 2008 से 23 अक्तूबर 2008 के दौरान डेरा डालो, घेरा डालो कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कोतवाली नगर के तिकोनिया पार्क में इस कार्यक्रम में सपाइयों का जमावड़ा लगा था। जिला प्रशासन की ओर से सपाइयों को तिकोनिया पार्क में कार्यक्रम की अनुमति दी गई थी। 23 अक्तूबर 2008 को सपाई तिकोनिया पार्क से निकलकर कलेक्ट्रेट चौराहे पर आ गए और वहां प्रदर्शन शुरू कर दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

आरोप है कि सपाइयों ने कलेक्ट्रेट के अंदर घुसकर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया था और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई थी। कोतवाली नगर में सपा एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव, पूर्व विधायक अनूप संडा, अरुण वर्मा, अशोक पांडेय व अब्दुल रईस, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी पाल यादव व पृथ्वी पाल यादव के साथ ही मौजूदा समय में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह समेत 98 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। 

पुलिस ने 98 आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी। कोर्ट ने गैरहाजिर रहने पर मामले में कई आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसी मामले में गुरुवार को आप नेता व पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, सपा के पूर्व विधायक अनूप संडा, शहर के गंदानाला मोहल्ले के निवासी अब्दुल मन्नान, पल्टू का पुरवा निवासी मो. युनूस, खैराबाद निवासी अब्दुल मन्नान, नया नगर निवासी मो. हसन लहरी उर्फ वारसी, बाधमंडी निवासी चंद्रप्रकाश अग्रवाल, गोड़वा गांव निवासी ज्ञान प्रकाश यादव व कूरेभार थाने के जूड़ापट्टी निवासी सुनील यादव ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।

आरोपियों ने गैर जमानती वारंट निरस्त करने की मांग की। स्पेशल जज एमपी/एमएलए प्रशांत मिश्र ने आप सांसद व पूर्व सपा विधायक समेत सभी नौ आरोपियों के खिलाफ जारी गैर जमानती वारंट निरस्त कर दिया। आरोपियों ने पेशी पर कोर्ट में हाजिर रहने का मुचलका दाखिल किया है। मामले में अगली सुनवाई पांच अक्तूबर को होगी। इस मौके पर आप नेता के अधिवक्ता रुद्र प्रताप उर्फ मदन सिंह समेत आम आदमी पार्टी व सपा के कई समर्थक मौजूद रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें