दिल्ली के उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कोरोना के दौरान बंद स्कूलों में कस्तूरबा गांधी विद्यालय के नाम पर 9 करोड़ रुपये ठगी की गई। सरकार ने 8 लाख का वेंटीलेटर 22 लाख में लिया। लोगों ने राम मंदिर के नाम पर चंदा दिया पर ये सरकार और भाजपा उस चंदे को खा गई। ये न आम के ना राम के हैं।
उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए यूपी में सिर मुंडवा कर महिलाओं को पहली बार उत्तर प्रदेश में देखा गया। किसान फसल का दाम मांग रहे हैं तो सरकार उनको गुंडा और मवाली कह रही है। यह महिलाओं की सुरक्षा की बात करते हैं।
उन्होंने कहा कि हम जब भी उत्तर प्रदेश के स्कूल देखने गए तो हमें स्कूल नहीं देखने दिया गया। देश में सबसे महंगी बिजली उत्तर प्रदेश में मिल रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में राष्ट्रवाद भी है हिंदुत्व भी है। आज तिरंगा यात्रा लेकर निकले हैं। सिसोदिया ने कहा कि यूपी में कोई गठबंधन नहीं किया जाएगा। बता दें कि अयोध्या एक बार फिर राजनीति का केंद्र बन गई है। आज आम आदमी पार्टी नगर में तिरंगा यात्रा निकालेगी। इसके पहले सोमवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रामलला और हनुमान गढ़ी के दर्शन किए।
आप के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने बताया कि जानकीघाट में डिप्टी सीएम ने महंत रामप्रकाश दास, महंत विवेक आचारी, महंत पवन दास शास्त्री, महंत दिलीप दास, नागा रामलखन दास, महंत सीताराम दास, महंत रामटहल शरण वेदांती, महंत उमेश दास, आचार्य नारायण मिश्र सहित अन्य संत-धर्माचार्यों से भी आशीर्वाद लिया।