कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सांसद बनने के बाद पहली बार बहन प्रियंका गांधी के साथ यहां पहुंचकर रायबरेली और अमेठी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करके चुनाव जिताने पर सभी का आभार जताया। भुएमऊ गेस्ट हाऊस में आभार सभा में राहुल ने एक के बाद एक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की जनता ने नया विजन दिया है। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में जनता ने हिंसा, झूठ और अहंकार के खिलाफ वोट किया है। भाजपा के लोग संविधान को बदलने की बात कर रहे थे पर जनता ने उन्हें संविधान को माथे से लगाने के लिए मजबूर कर दिया है।
मंच पर मौजूद प्रियंका गांधी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि अगर वाराणसी से प्रियंका चुनाव लड़ जाती तो मोदी दो-ढाई लाख वोटों से हार जाते। यह सब अहंकार से नहीं कह रहा हूं। हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री के विजन को जनता ने नकार दिया है। हम हिंसा और नफरत नहीं चाहते हैं। आने वाले समय में सच्चे मुद्दे उठाए जाएंगे। आने वाले समय में बेरोजगारी, महंगाई, किसानों और मजदूरों के मुद्दे उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि संसद में इंडिया गठबंधन की सेना बैठी हुई है। इस बार कोशिश रहेगी कि अग्निवीर योजना को रद्द कराएं क्योंकि इतनी शक्ति आपने दे दी है। आपने राजनीतिक विजन देने के साथ ही बदलाव के लिए वोट किया है। राहुल गांधी ने कहा कि अमेठी की जनता से भी मैँ कहना चाहता हूं कि मैं रायबरेली का सांसद हूं, लेकिन जो विकास रायबरेली में होगा, वही विकास कार्य अमेठी में भी होगा। आपने दिल से हिंदुस्तान की राजनीति बदल दी है। आपने पूरे देश को मैसेज दिया कि हम नफरत के खिलाफ हैं। मोहब्बत की दुकान खोलेंगे।