लखनऊ। कलेक्ट्रेट स्थित चकबंदी कोर्ट में छह अप्रैल को खुद को सपा कार्यकर्ता बताते हुए रामबाबू चौरसिया ने हंगामा कर आत्महत्या की धमकी दी। बंदोबस्त अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने कैसरबाग थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बंदोबस्त अधिकारी विनोद के अनुसार, बंथरा के बीबीपुर निवासी रामबाबू चौरसिया ने उनके पक्ष में आदेश न देने पर आत्महत्या की धमकी दी और हंगामा कर सरकारी काम बाधित किया। रामबाबू की पत्रावली चकबंदी अधिकारी, सरोजनीनगर की कोर्ट में थी, जहां दूसरे पक्ष में आदेश हुआ। इसी के खिलाफ उन्होंने उनकी कोर्ट में याचिका दायर की। आरोप है कि उन्होंने नियम विरुद्ध पत्रावली तलब करने के लिए दबाव बनाने के लिए हंगामा किया। इंस्पेक्टर अंजनी मिश्र ने बताया कि कोर्ट की फुटेज देखी जा रही है। साथ ही बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को बयान के लिए कहा गया है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।