गोसाईंगंज। कासिमपुर बिरुवा में शनिवार देर रात सुल्तानपुर हाईवे पर एक सड़क हादसे में प्रत्यूष पांडे (34) की मौत हो गई। उनके शव के ऊपर से कई वाहन गुजरने के कारण वह क्षत-विक्षत हो गया।
इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह के अनुसार, प्रत्यूष मूलरूप से महाराजगंज जिले के दमकी गांव के निवासी थे। वह गोमतीनगर के पत्रकारपुरम में अपनी बुआ के घर रहकर बैंक में काम करते थे। कुछ समय पहले उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी और नई नौकरी ढूंढ रहे थे। शनिवार रात प्रत्यूष गोसाईंगंज स्थित निजी कॉलेज के हॉस्टल में पार्टी में शामिल होने गए थे। रात करीब 1:30 बजे पार्टी खत्म होने के बाद वह घर लौटने के लिए हाईवे पार कर रहे थे। तभी किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रत्यूष के पास मिले मोबाइल से परिजनों को जानकारी दी। इंस्पेक्टर ने बताया सीसीटीवी फुटेज के जरिये वाहन की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इकलौते बेटे प्रत्यूष की मौत की खबर सुनकर मां गीता देवी बेसुध हो गईं। परिजनों के अनुसार, नवंबर में प्रत्यूष के पिता हरिश्चंद्र पांडेय का भी निधन हो गया था। छह माह के भीतर परिवार में दो मौतों से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।