लखनऊ। हाईकोर्ट की पार्किंग में बुधवार को अंबेडकरनगर से आए दौलताबाद निवासी सर्वज्ञ तिवारी और उनकी दोस्त शिफा शेख पर सात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित ने तीन नामजद व चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभूतिखंड थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
सर्वज्ञ के मुताबिक, सुबह करीब 10:25 बजे हाईकोर्ट में कार पार्क कर रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी कार में तोड़फोड़ की और उनकी दोस्त को जबरन खींचकर ले जाने का प्रयास किया। विरोध पर उन्हें जमकर पीटा और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। शोर सुनकर सुरक्षाकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग निकले।
पीड़ित सर्वज्ञ ने बताया कि वह शिफा के साथ पेशी पर आए थे। इसी दौरान अजीज शेख, अनवर शेख, वाजिद शेख सहित तीन अज्ञात लोग पहुंचे और हमला कर दिया। इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में पुराना विवाद है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।