अतुल शुक्ला की फाइल फोटो व प्रदर्शनकारियों को समझाते एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा।
नगराम। समेसी पावर हाउस के पास शनिवार को बाइक सवार अतुल शुक्ला (38) की गलत दिशा से आ रही कार से टक्कर हो गई। हादसे में अतुल की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया। रविवार को मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने समेसी बाजार में अतुल का शव रखकर डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन भी किया।
समेसी निवासी अतुल के पिता सत्यदेव शुक्ला के अनुसार बेटा मोहनलालगंज के गौरा स्थित सूर्या इंस्टिट्यूट में गार्ड था। शनिवार को अतुल ड्यूटी कर रात को बाइक से घर लौट रहे थे। नगराम-निगोहां मार्ग पर समेसी पावर हाउस के पास गलत दिशा में आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अतुल छिटक कर दूर जा गिरे और सिर में गंभीर चोट लगी। खबर पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी व बेटा हैं।
अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन अतुल का शव लेकर समेसी बाजार पहुंचे और शव को रोड पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन लोगों ने अतुल के घरवालों को मुआवजा और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है और कार भी जब्त कर ली गई है। मुआवजे के लिए एसीपी ने तहसीलदार से परिजनों की बात कराई। अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद घरवाले शांत हुए और प्रदर्शन खत्म हुआ। एसपी ने बताया कि अतुल के पिता की तहरीर पर सड़क हादसे का केस दर्ज किया गया है।
अतुल शुक्ला की फाइल फोटो व प्रदर्शनकारियों को समझाते एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा।