लखनऊ। इंदिरानगर इलाके में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से साइकिल सवार ललित चौहान (18) की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली छोड़कर भाग गया। इसके अलावा सड़क हादसे में घायल विशाल वर्मा (33) की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
ललित चौहान मूलरूप से लखीमपुर स्थित ईसानगर के रहने वाले थे। उनके भाई राजेंद्र के मुताबिक ललित परिवार के साथ इंदिरानगर के तकरोही में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करते थे। शुक्रवार सुबह वह साइकिल से मजदूरी के लिए जा रहे थे। घर के पास ही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर इंदिरानगर सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। उनके परिवार में पिता सूरज, मां शकुंतला, दो भाई और एक बहन हैं।
इसके अलावा मूलरूप से जालौन के उरई राजेंद्रनगर निवासी विशाल वर्मा (33) बाजारखाला के हैदरगंज में किराये के मकान में पत्नी दीपा व दो बेटों के साथ रहते थे। दीपा ने बताया कि पति विशाल केजीएमयू सर्जरी विभाग में संविदा पर ओटी टेक्नीशियन थे। छह दिसंबर को ड्यूटी के बाद बाइक से घर आते समय वजीरगंज स्थित मूंगफली मंडी के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार रात उनकी मौत हो गई।