सरोजनीनगर। बंथरा के खुर्रमपुर गांव में रविवार दोपहर रील बनाने के लिए नगवा नाले में कूदा 18 वर्षीय साहिल डूब गया। पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों ने देर शाम तक उसकी तलाश की लेकिन पता नहीं चल सका। इससे नाराज परिजनों ने नारायणपुर फतेहगंज रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर परिजन माने और 15 मिनट बाद प्रदर्शन खत्म किया।
इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह के मुताबिक, कृष्णानगर के पंडितखेड़ा निवासी हाईस्कूल का छात्र साहिल पिता जितेंद्र और परिवार के साथ किराये के मकान में रहता है। रविवार को वह दोस्तों कृष्णा और आशु के साथ भदोई स्थित रिश्तेदारी में गया था। दोपहर करीब तीन बजे तीनों खुर्रमपुर स्थित नगवा नाले के पुल पर पहुंचे। रील बनाने के लिए पहले कृष्णा और आशु नाले में कूदे और तैरकर बाहर आ गए। इसके बाद साहिल ने छलांग लगाई लेकिन वह डूबने लगा।
दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की पर सफल नहीं हुए। सूचना पर पुलिस टीम के साथ एसडीआरएफ और गोताखोर मौके पर पहुंचे। देर शाम तक सर्च अभियान चला लेकिन साहिल नहीं मिला। घटना की जानकारी पर साहिल के पिता और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह फिर तलाश शुरू की जाएगी।