लखनऊ। इटौंजा के नेवादा गांव के पास बृहस्पतिवार को बाइक सवार सूरजपुर गांव निवासी अजय गौतम (24) की वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में उनकी मौत हो गई और साथी अमित घायल हो गए। अजय की बहन की बरात शाम को आनी थी। वह दोस्त के साथ बहनोई के लिए बाइक लेने शोरूम जा रहे थे।
अजय के बड़े भाई राम अवतार के अनुसार बृहस्पतिवार को उनकी बहन रीमा की शादी हरदोई स्थित संडीला के रहने वाले पंकज से होनी थी। शाम को बरात आनी थी। अपराह्न तीन बजे अजय गांव निवासी दोस्त अमित के साथ दूल्हे के लिए बाइक लेने इटौंजा कस्बा स्थित शोरूम गया था। बाइक अजय चला रहा था। नेवादा गांव के पास लखनऊ से सीतापुर जा रहे वाहन की टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। घायल अमित को परिजनों ने प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। इंस्पेक्टर इटौंजा मार्कंडेय यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
मातम में बदलीं खुशियां, बहन की शादी टली
अजय के घर में उनकी बहन रीमा की शादी की खुशियां बिखरी थीं। घर पर नाते, रिश्तेदार जमा थे। हर कोई बरात के स्वागत की तैयारी में जुटा था। अजय की मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। परिजनों में रोना-पीटना मच गया। घरवालों ने रीमा के ससुराल वालों से संपर्क किया गया तो पता चला कि वे लोग बरात लेकर आने की तैयारी में हैं। हादसे की सूचना उन लोगों को दी गई। दोनों परिवार के लोगों ने आपस में बातचीत कर शादी को टाल दिया। अजय के परिवार में पत्नी आरती, एक बेटा और एक बेटी हैं।
अवैध कट बना हादसे की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की वजह नेवादा हाईवे पर बना अवैध कट है। इटौंजा टोल के काॅरीडोर मैनेजर प्रदीप शुक्ला के अनुसार नेवादा के पास बना अवैध कट कई बार बंद करवाया गया, लेकिन उसे हटा दिया जाता है। पुलिस की मदद मिलती है तो वह उसे बंद करवाने काम शुरू करेंगे।
बिना लॉक लगा हेलमेट सिर से निकलकर सड़क पर गिरा
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार अजय ने हेलमेट लगा रखा था, पर उसका लॉक खुला था। टक्कर लगते ही अजय के सिर से हेलमेट निकल कर सड़क पर गिर गया। अजय के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। लोगों का कहना है कि अजय ने हेलमेट में लॉक लगाया होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
अजय गौतम की फाइल फोटो।
अजय गौतम की फाइल फोटो।
अजय गौतम की फाइल फोटो।