लखनऊ। हुनर और कल्पनाशीलता का मेल हो तो बांस, मूंज और मिट्टी जैसी साधारण चीजें भी खूबसूरत और उपयोगी उत्पादों का रूप ले लेती हैं। खादी भवन में आयोजित माटीकला महोत्सव में ऐसे ही हुनर की झलक देखने को मिल रही है। यहां पारंपरिक शिल्प को नए डिजाइन और जरूरतों से जोड़कर कई आकर्षक उत्पाद तैयार किए गए हैं। कहीं बांस-मूंज से डिजाइनर चप्पलें और पर्स बनाए गए हैं तो कहीं चीनी मिट्टी से हाथी, कछुए और हंस के आकार के गमले। घर में तैयार बुकनू, अचार और पापड़ भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
बांस-मूंज से जीवनशैली के उत्पाद
बाराबंकी की डॉ. अंशुल ने अपने स्टॉल पर बांस और मूंज से बने कई उपयोगी उत्पाद प्रदर्शित किए हैं। इनमें कोल्हापुरी डिजाइन की चप्पलें, पर्स, डिजाइनर आईने, गणेश-लक्ष्मी की तस्वीरें, ब्रश, बोतल, चौकी और पेन स्टैंड शामिल हैं। इन उत्पादों के जरिये उन्होंने पारंपरिक शिल्प को रोजमर्रा की जीवनशैली से जोड़ने की कोशिश की है।
बुकनू-अचार के साथ महिलाओं की आत्मनिर्भरता
हुसैनगंज की गीतांजलि सचान के स्टॉल पर हाथ से तैयार अचार, पापड़, बड़ी, दही बड़ा मिक्स, हींग और मसाले उपलब्ध हैं। गीतांजलि ने बताया कि वह ये सभी उत्पाद घर पर तैयार करती हैं। इस काम में करीब 10 महिलाएं भी उनके साथ जुड़ी हैं, जिन्हें रोजगार का अवसर मिल रहा है।
चीनी मिट्टी से गढ़े हाथी और कछुए के आकार के गमले
बाराबंकी के प्रेमचंद ने चीनी मिट्टी से बने कप-प्लेट के साथ गमले, स्टोरेज बॉक्स और खिलौने प्रदर्शित किए हैं। उनके हाथों से तैयार हाथी, कछुए और हंस के आकार वाले गमले लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। वहीं, आकर्षक डिजाइन वाले कप और प्लेट भी नई पीढ़ी को पसंद आ रहे हैं।
बांस के बने उत्पाद।
बांस के बने उत्पाद।