मोहनलालगंज। जानकीपुरम विस्तार निवासी अनीता सिंह ने भूखंड का फर्जी बैनामा और 10.81 लाख रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगाते हुए कंपनी के निदेशक पर केस दर्ज कराया है। आरोप है कि वी-वन इंफ्रा टेक के निदेशक विपिन तिवारी एवं उनके सहयोगी ने साजिश के तहत उन्हें धोखे में रखकर दूसरे व्यक्ति की जमीन का बैनामा करा दिया।
पुलिस के मुताबिक अनीता ने 22 मार्च 2022 को कंपनी के निदेशक को 10 लाख रुपये देकर 2500 वर्गफीट प्लाॅट का बैनाम कराया था, लेकिन बिल्डर ने प्लाॅट पर कब्जा नहीं दिया था। आरोप है कि बिल्डर ने कूटरचित दस्तावेज के सहारे दूसरे की जमीन को अपनी बताकर फर्जी बैनामा कर दिया। अनीता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने पहले धनराशि लौटाने और अन्य स्थान पर प्लॉट देने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में मुकर गए। इतना ही नहीं, कब्जा दिलाने की मांग करने पर दबंग लोगों के माध्यम से समझौते का दबाव बनाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक महिला की शिकायत पर रविवार को केस दर्ज कर मामले की पड़ताल की जा रही है।