महिला सिपाही के घर के बाहर तैनात पुलिस बल।
- फोटो : amar ujala
अंबेडकरनगर में मित्र सिपाही के शादी से इंकार करने से क्षुब्ध जैतपुर थाने में तैनात महिला सिपाही ने सोमवार अपराह्न परिसर स्थित आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से मौके पर सनसनी फैल गई। शव के पास माता-पिता को संबोधित सुसाइड नोट में आत्महत्या का कारण सिपाही के शादी से इंकार को बताया गया है।
इस बीच सूचना मिलते ही एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र व एएसपी अवनीश कुमार मिश्र ने थाने पहुंचकर जायजा लिया और जानकारी हासिल की। एसपी ने संबंधित पुरुष सिपाही के विरुद्ध केस दर्ज करने का निर्देश दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रतापगढ़ जनपद निवासी अनीता सरोज (25) पुत्री बद्रीप्रसाद की तैनाती लगभग तीन वर्ष पहले जैतपुर थाने में सिपाही के पद पर हुई थी। सोमवार दोपहर वह एक जरूरी काम की बात कहकर परिसर स्थित अपने आवास पर चली गई। वह आवास में अकेली रहती थी। जब काफी देर तक वह कार्यालय में वापस नहीं आई, तो एसओ बब्बू मिश्र ने संतरी को उसे बुलाने के लिए भेजा।
संतरी के दरवाजा खटखटाने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो वह अंदर गया। वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गया। छत के पंखे से रस्सी के सहारे उसका शव लटक रहा था। घटना से थाने में सनसनी फैल गई। एसओ व अन्य सिपाही तत्काल मौके पर पहुंचे। शव को नीचे उतारा गया।
इस बीच जानकारी होते ही एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र व एएसपी अवनीश कुमार मिश्र थाने पहुंचे। महिला के आवास पर पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही जरूरी जानकारी प्राप्त की। छानबीन के दौरान शव के निकट ही एक डायरी मिली। माता-पिता को संबोधित सुसाइड नोट में महिला ने लिखा कि वह थाने में तैनात रहे सिपाही राजू यादव से प्यार करती थी। उसने विवाह करने से इंकार कर दिया। इसी से क्षुब्ध होकर वह आत्महत्या कर रही है। इसमें किसी अन्य को दोषी न माना जाए। बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।