यूपी की राजधानी लखनऊ में पति के अवैध संबंधों से दुखी होकर सआदतगंज में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
बाराबंकी के रहने वाले अशोक दुबे की बेटी श्वेता ने परिवारवालों की मर्जी के बगैर सात वर्ष पहले गोंडा के धानेपुर निवासी रवि सोनी से प्रेम विवाह किया था। इस समय वह लोग सआदतगंज में कड़ा वाली गली में किराये के मकान में रह रहे थे।
शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के रिश्तों में खटास आ गई। कुछ दिनों पहले श्वेता को पता चला कि रवि के संबंध और भी लड़कियों से हैं। इसको लेकर उनके बीच आये दिन झगड़ा होता था।
श्वेता के रोकने के बावजूद रवि दूसरी महिलाओं से मिलने जाया करता था। पति को समझाने की सारी कोशिशें बेकार हो चुकी थीं। इसको लेकर श्वेता काफी दुखी रहती थी। सोमवार को भी रवि दूसरी महिला से मिलने चला गया।
इससे क्षुब्ध होकर श्वेता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मां को फंदे पर लटका देखकर उसकी बेटी खुशी रोने-चिल्लाने लगी। इसके बाद पड़ोसियों को इस घटना की जानकारी दी। इस मामले में श्वेता के पिता अशोक दुबे ने रवि के खिलाफ कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।