मानकनगर इलाके में बाराबिरवां चौराहा के पास शुक्रवार दोपहर हिंदू युवा वाहिनी की टीम ने घेराबंदी करके गोमांस से लदी एक मिनी ट्रक पकड़ी। वहां एकत्र हुई आक्रोशित भीड़ ने गोहत्या के विरोध में प्रदर्शन करने के साथ चालक समेत दो लोगों की पिटाई करके उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
अफसरों ने पकड़े गए दोनों लोगों के साथ स्लॉटर हाउस के मालिक व खरीदार पर कार्रवाई का आदेश देकर प्रदर्शन खत्म कराया। सीओ आलमबाग राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि हिंदू युवा वाहिनी के योगेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार दोपहर बाराबिरवां/नहरिया चौराहा पर घेराबंदी करके उन्नाव से आ रही गोमांस से लदी गाड़ी पकड़ी। गाड़ी के भीतर का नजारा देखकर आक्रोशित भीड़ ने चालक मुशीर अहमद व उसके साथी रवि की पिटाई करते हुए पूछताछ की।
पता चला कि वे उन्नाव के औद्योगिक क्षेत्र स्थित स्लॉटर हाउस से गोमांस लादकर दिल्ली ले जा रहे थे। भीड़ ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे की भनक लगते ही मानकनगर व कृष्णानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर एएसपी सिटी पूर्वी, सीओ, एसडीएम के साथ पीएसी भी बुलाई गई।