बाघ के हमले से किसान की मौत के बाद पदचिन्हों की जांच करते वनाधिकारी।
- फोटो : amar ujala
बहराइच के गुलरा गांव में खेत की रखवाली करने गए एक किसान पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में किसान की मौत हो गई। बाघ ने हमला करते हुए किसान के सिर को धड़ से अलग कर दिया। वीभत्स घटना देखकर आसपास के ग्रामीणों ने हांका लगाया। बाघ जंगल की ओर भाग गया।
ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वन विभाग जांच के बाद मुआवजा देने की बात कह रहा है।
कतर्नियाघाट के मोतीपुर वन रेंज अंतर्गत ग्राम राजापुर कला के मजरा गुलरा निवासी सत्रोहन (40) पुत्र बेलाशर रविवार की देर शाम साइकिल से परवानीगौढ़ी बाजार गया हुआ था। बाजार से वह वापस लौटा। घर पर सामान रख दिया।
इसके बाद आवारा मवेशियों व जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए वह जंगल के समीप स्थित खेतों की तरफ चला गया। वह खेतों की तरफ वह जा रहा था कि तभी अचानक जंगल से निकले बाघ ने उस पर हमला कर दिया। उसके साथ चार से पांच की संख्या में अन्य किसान भी थे। सत्रोहन की गर्दन को बाघ ने अपने जबड़े में भर लिया। इसके बाद झटका देते हुए उसे जमीन पर पटक दिया।
घटना को देखते ही आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए। चीख पुकार सुनकर गांव से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए तब तक बाघ सत्रोहन के सिर को धड़ से अलग कर चुका था।