घर में अकेली किशोरी को असलहे के बल पर नशीली दवा पिलाकर तीन युवकों ने उससे गैंगरेप किया। वारदात को पड़ोसी युवक ने ही दो साथियों संग मिल अंजाम दिया।
नवाबगंज के एक गांव में यह घटना गुरुवार रात तब हुई जब किशोरी के घर वाले गांव में ही एक मांगलिक कार्यक्रम में गए थे।
देर रात परिवारीजन लौटे तो किशोरी बदहवास मिली। तत्काल उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुराचार के बाद दी धमकी
नवाबगंज के एक गांव निवासी परिवार गुरुवार रात मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। घर पर 15 वर्षीय किशोरी अकेली थी। इसकी भनक पाकर पड़ोसी मंशाराम अपने दो साथियों के साथ छत के रास्ते घर में घुस गया।
तीनों युवकों ने सो रही किशोरी को असलहे के बल पर काबू में कर नशीली दवा पिला दी। फिर उससे दुराचार कर जानमाल की धमकी देकर भाग निकले। देर रात परिवारीजन घर लौटे तो किशोरी बदहवास मिली।
उसने घर वालों को आपबीती सुनाई तो पिता ने तत्काल थाने में सूचना दी। किशोरी की हालत गंभीर होने के चलते उसे निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां पीड़िता बेहोश हो गई। निजी चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने खुद की आरोपी से पूछताछ
जिला अस्पताल में शाम चार बजे के आसपास किशोरी को होश आया। किशोरी के मामा ने प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुनील सिंह को इस मामले में प्रार्थना पत्र सौंपा है।
एसपी ने नवाबगंज थानाध्यक्ष को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। थानाध्यक्ष डीपी कुशवाहा ने कहा कि मामला संज्ञान में है लेकिन अभी तहरीर नहीं मिली है। परिवारीजनों को बुलाया गया है, तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य आरोपी को ग्रामीणों से फूफा ने छुड़वाया
किशोरी के मामा का कहना है कि सुबह मुख्य आरोपी मंशाराम को गांव के लोगों ने पकड़ लिया था। उससे दो अन्य युवकों के मामले में पूछताछ की जा रही थी तभी मंशाराम के फूफा ने मौके पर पहुंचकर उसे छुड़वा दिया।