असलहा दिखाकर एथेनॉल से लदा टैंकर लूटा
बख्शी का तालाब। बीकेटी इलाके में शुक्रवार देर रात कार सवार असलहाधारी बदमाशों ने एथेनॉल से लदा टैंकर ओवरटेक कर रुकवा लिया। चालक आसिफ को बंधक बनाया पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। टैंकर लूटकर दुबग्गा की तरफ भाग निकले।
चालक लघुशंका के बहाने चकमा देकर भाग निकला और सूचना पुलिस को दी। बीकेटी पुलिस ने जीपीएस की मदद से टैंकर को ट्रेस किया। फिर दुबग्गा पुलिस की मदद से लूटा गया टैंकर व बदमाशों की कार बरामद की।
सीतापुर निवासी टैंकर मालिक मन्नू सरदार के मुताबिक शुक्रवार को शाहजहांपुर से एथेनॉल लेकर ड्राइवर आसिफ लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर के लिए निकला था। करीब 1:30 बजे आसिफ बीकेटी के इंदौराबाग से किसान पथ पर जाने के लिए मुड़ा, तभी कार सवार चार बदमाशों ने पीछा किया और आउटर रिंग रोड पर प्लाई फैक्टरी के नजदीक टैंकर को ओवरटेक कर ट्रक रुकवा लिया था। लूटपाट के बाद चालक ने घटना की सूचना टैंकर मालिक व बीकेटी पुलिस को दी थी।
फुटेज में दिखी संदिग्ध कार
इंस्पेक्टर बीकेटी संजय कुमार के मुताबिक चालक की तहरीर पर केस दर्ज कर लुटेरों की तलाश की जा रही है। किसान पथ के पास लगे सीसी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध कार दिखी है। कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है।