लखनऊ। फैजुल्लागंज द्वितीय के शिवनगर में सात दिसंबर को छत पर जाकर हाईटेंशन लाइन में फंसी पतंग उतारने के दौरान 33 हजार वोल्ट के करंट से झुलसे छात्र आर्यन शर्मा (10) की बुधवार को ट्राॅमा सेंटर में मौत हो गई।
चौक पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से सीतापुर स्थित बिसवां के देहटी गांव के रहने वाले पेशे से कारपेंटर नीरज शर्मा मड़ियांव थानाक्षेत्र के फैजुल्लागंज द्वितीय के शिवनगर में किराये के मकान में पत्नी सरिता व तीन बेटियों व बेटे आर्यन शर्मा (10) के साथ रहते हैं। आर्यन एक निजी स्कूल से कक्षा 5 का छात्र था।
पुलिस के मुताबिक, सात दिसंबर को आर्यन ने हाईटेंशन लाइन में पतंग फंसी देखी। उसे उतारने के लिए वह पड़ोस में बने एक होटल की छत पर चला गया। वहां प्लास्टिक की पाइप से पतंग छुड़ाने लगा। पानी से भीगा होने के कारण पाइप के लाइन को छूते ही आर्यन करंट से झुलस गया। घटना को पास की महिला ने देखा तो वह चीखी, तब आर्यन को छुड़ाया गया और इलाज के लिए ट्राॅमा सेंटर ले जाया गया, मगर बुधवार तड़के उसने दम तोड़ दिया। तीन बेटियों में इकलौते बेटे की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया है। मां सरिता ने जब लाडले की मौत की खबर सुनी तो वह बेहोश हो गई। आर्यन तीन बहनों में बड़ा था।