लखनऊ। तेज रफ्तार डंपर ने सोमवार को कारपेंटर की जान ले ली। मूल रूप से उन्नाव के मारफपुर जसरा निवासी विमलेश शर्मा (22) बुद्धेश्वर में पत्नी असनी के साथ रहते थे। सुबह बाइक से काम पर जाते वक्त काकोरी के मौदा गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें रौंद दिया। विमलेश की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद भाग रहे डंपर चालक को दबोच लिया गया। वाहन कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मामा रामविलास ने बताया कि हादसा सुबह 9:00 बजे हुआ। बाइक में टक्कर लगने से विमलेश डंपर के नीचे आ गया। इसके बाद डंपर उसकी कमर से गुजर गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी चालक को पकड़ा।
परिजनों ने बताया कि विमलेश ने एक वर्ष पहले असनी से प्रेम विवाह किया था। घरवालों के दबाव बनाने पर तीन दिन पहले उससे दोबारा शादी की थी। पति की मौत से असनी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में पिता कमलेश, मां सरला और भाई सर्वेश हैं। विमलेश घर में इकलौता कमाने वाला था।