लखनऊ। बिजनौर अंडरपास के पास शहीद पथ पर चढ़ने के लिए रैंप बनाया जाएगा। इससे आसपास के इलाके की करीब एक लाख की आबादी को आवागमन में सहूलियत होगी। इसके निर्माण पर 4.64 करोड़ रुपये खर्च होंगे जिसका बजट प्रदेश सरकार ने पास कर दिया है। रैंप निर्माण लोक निर्माण विभाग करेगा। कई वर्षों से परेशान लोगों ने इसके लिए क्षेत्रीय विधायक राजेश्वर सिंह का आभार जताया है।
साउथ सिटी, पीजीआई, तेलीबाग, उतरेटिया, सैनिकनगर आदि इलाकों के लोगों को शहीद पथ पर चढ़ने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्हें एयरपोर्ट या शहर के अन्य हिस्सों में जाने के लिए शहीद पथ होने के बाद भी परेशानी का सामना करना पड़ता है, क्योंकि शहीद पथ पर चढ़ने के लिए इस इलाके में कोई रैंप नहीं हैं। स्थानीय निवासी कर्नल सत्येंद्र सिंह ने कहा कि रैंप के स्वीकृत होने में विधायक राजेश्वर सिंह का बड़ा योगदान है। इसके निर्माण से अब दूरी और समय दोनों की बचत होगी।