लखनऊ। महानगर वार्ड के कई इलाकों में पांच वर्षों से लगातार पानी की किल्लत बनी हुई है। विष्णुपुरी कॉलोनी, दर्शनगंज, मेहंदी टोला, विष्णुपुरी विस्तार, दयाल फोर्ट और चर्च एवेन्यू जैसे मोहल्लों की करीब 20 हजार की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है।
गांधी पार्क में लगा पुराना नलकूप कई वर्षों से खराब है। नया नलकूप लगाने की प्रक्रिया शुरू तो हुई, लेकिन जमीन विवाद के कारण बोरिंग का कार्य अधर में लटक गया। वार्ड के पार्षद हरीशचंद्र लोधी के अनुसार, जिस स्थान पर बोरिंग हो रही है, वहां एक व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। वह बोरिंग कर रहे कर्मचारियों से झगड़ा कर काम रुकवा देता है। इसको लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
हालांकि, जलकल विभाग का दावा है कि अब विवाद सुलझा लिया गया है और रिबोरिंग का कार्य जारी है। विभाग का कहना है कि 15 दिनों के भीतर पानी की आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
नारेबाजी और प्रदर्शन से फूटा जन आक्रोश
बुधवार को अलीगंज के चर्च रोड स्थित विष्णुपुरी कॉलोनी में जल संकट से त्रस्त लोगों ने जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि पुराना नलकूप खराब होने के कारण सप्लाई ठप है और अब एक छोटी बोरिंग व सबमर्सिबल पंप के सहारे पूरी आबादी को पानी देने की कोशिश की जा रही है, जिससे समय से पानी नहीं मिल पा रहा। लोगों की मांग है कि जमीन विवाद का स्थायी समाधान कर जल्द से जल्द नया नलकूप चालू कराया जाए ताकि जल संकट से राहत मिल सके।
स्थानीय निवासियों की पीड़ा
छोटे नलकूप से पानी आ रहा है लेकिन मेंहदी टोला जैसे इलाकों तक पहुंचते-पहुंचते शाम हो जाती है।
- राजू रस्तोगी, विष्णुपुरी कॉलोनी
-
पांच साल से हर सुबह पानी की चिंता सताती है। थोड़ी देर से उठो तो नहाने का भी पानी नहीं मिलता।
- कविता, विष्णुपुरी कॉलोनी
-
पांच साल से हर दिन पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इसकी कई बार शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
- सुरेंद्र रावत, विष्णुपुरी कॉलोनी
सबमर्सिबल से पानी आ तो रहा है, लेकिन वह काफी गंदा है। इससे शुद्ध पेयजल की समस्या बनी हुई है।
- संजय गुप्ता, विष्णुपुरी कॉलोनी
-
हमें पीने के पानी के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। यह मूलभूत सुविधा है, जिसे नगर निगम को देना चाहिए।
- विक्टर, विष्णुपुरी कॉलोनी
जमीन को लेकर जो व्यक्ति विरोध कर रहा था, उससे विवाद सुलझा लिया गया है। मामला कोर्ट में है। कोर्ट के निर्णय तक रिबोरिंग जारी रहेगी। यदि फैसला उसके पक्ष में आता है तो नलकूप हटा लिया जाएगा। वैसे भी नलकूप पहले से लगा है, उसे सिर्फ रिबोर किया जा रहा है। अभी पानी की शुद्धता सुनिश्चित करने में करीब 15 दिन लगेंगे। आपूर्ति सामान्य होने तक टैंकर भेजे जा रहे हैं।
- कुलदीप सिंह, महाप्रबंधक, जलकल