लखनऊ। पीजीआई के साउथ सिटी निवासी म्यूजिक कंपोजर हेमंत कुमार राय को बॉलीवुड में काम दिलाने का झांसा देकर जालसाजों ने 72 लाख रुपये ऐंठ लिए। कोर्ट के आदेश पर पीजीआई पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
हेमंत के मुताबिक 2024 में हजरतगंज निवासी इवेंट मैनेजर संजय सिंह ने उनकी मुलाकात मुंबई के सैयद अख्तर हसन से कराई थी। बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने खुद को बॉलीवुड से जुड़ा होना बताया था। झांसे में आए हेमंत को आरोपी ने बॉलीवुड में म्यूजिक वीडियो और अन्य बड़े प्रोजेक्ट दिलाने की बात कही थी। इसके बदले आरोपी ने उनसे 72 लाख रुपये मांगे।
उन्होंने जनवरी 2024 में आरोपी के कहने पर उसकी परिचित जूही अख्तर, सैयद कादिर हसन और श्रीधाम बिल्डर के बैंक खातों में आरटीजीएस के जरिये 72 लाख ट्रांसफर कर दिए। सैयद अख्तर ने उनसे उनकी 20 लाख की कार भी ले ली। इसके बावजूद उन्हें कोई काम नहीं मिला। दबाव बनाने पर आरोपी पहले तो टाल-मटोल करने लगा। फिर सिर्फ 50 हजार रुपये लौटा कर बची रकम भूल जाने की बात कही। विरोध करने पर आरोपी ने हत्या की धमकी दी। घरवालों को भी कॉल कर परेशान करना शुरू कर दिया।
इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक कोर्ट के आदेश पर सैयद अख्तर हसन, जूही अख्तर, सैयद कादिर हसन, इवेंट मैनेजर संजय सिंह और श्रीधाम बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पूछताछ के लिए आरोपियों को जल्द ही नोटिस भेजा जाएगा।