अमेठी के मलिक मोहम्मद जायसी संयुक्त जिला चिकित्सालय में एक अनजान शख्स डॉक्टर का भेष बनाकर अस्पताल पहुंचता है और कोरोना महामारी में मरीजों के इलाज के लिए काम आने वाले ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को लेकर अस्पताल से निकल पड़ता है। बाहर मौजूद सफाई कर्मियों ने उसे टोका तो वह मौके से भागने लगा जिसके बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
अस्पताल कर्मियों ने पूरे मामले की सूचना स्थानीय कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने चोर को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। मौके पर पहुंचे गौरीगंज कोतवाली के सब इंस्पेक्टर संजय राय ने बताया कि अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. एके अजीजी की तहरीर मिली है गिरफ्तार युवक को कोतवाली ले जाकर पूरे मामले की गहनता से जांच की जाएगी।
गौरीगंज कोतवाली पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। युवक एप्रिन पहनकर अस्पताल में दाखिल हुआ था और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर लेकर निकल गया।