लखनऊ के गुडंबा में बुधवार सुबह टाटा मोटर्स के कर्मचारी मनीष यादव (25) को गोली मार दी गई। पीठ पर मारी गई गोली उसके सीने के बायीं तरफ से पार निकल गई। गंभीर हालत में मनीष को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
परिवारीजनों ने मनीष के ससुर रसराज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र नाथ राय ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मनीष मूलरूप से बाराबंकी के कुर्सी स्थित सुभाषनगर का है और यहां बहादुरपुर में पत्नी प्रियांशी के साथ किराए के मकान में रहता है।
प्रियांशी भी बाराबंकी के कुर्सी स्थित जवाहरपुर की है। फिलवक्त उसके परिवारीजन यहां मायापुरी कॉलोनी में रह रहे हैं। मनीष और प्रियांशी एक-दूसरे को चाहते हैं और करीब एक साल पहले घरवालों की मर्जी के बगैर प्रेम विवाह कर लिया था। इसके बाद से प्रियांशी के पिता रसराज यादव दोनों से नाराज रहने लगे।