मवई थाना क्षेत्र में होली के दिन त्यौहारी मांगने गए धोबी की गड़ासे से हमलाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जाता है कि आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं है। इससे पहले भी वह भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। आरोपी और मृतक के अलग-अलग समुदाय होने के कारण आनन-फानन में पूरे इलाके में फोर्स तैनात हो गई।
सैदपुर निवासी 60 वर्षीय हनीफ पुत्र बिरई कपड़ा धोने का काम करता है। होली के दिन दोपहर बाद वह त्यौहारी लेने निकला था। इसी दौरान वह चैनपुरवा निवासी देवी प्रसाद यादव पुत्र लुट्टुर के दरवाजे पर पहुंच गया। धोबी ने त्यौहारी मांगी तो देवी प्रसाद भड़क गया।
उसने कहा रुको अभी आता हूं और त्यौहारी देता हूं। हनीफ को देवी प्रसाद की हरकत पर कोई शंका नहीं हुई। जबकि देवी प्रसाद घर से गंड़ासा लेकर निकला और पीछे से हनीफ के गर्दन पर जोरदार प्रहार कर दिया। गंड़ासे के एक ही प्रहार से हनीफ जमीन पर गिर पड़ा।