बाराबंकी के घुंघटेर थाना क्षेत्र के सलेमाबाद गांव में मंगलवार देर रात बेखौफ अज्ञात हमलावरों ने घर में घुस ताबड़तोड़ चाकुओं से गोदकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी।
सनसनीखेज वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी व सीओ फतेहपुर घटना स्थल पहुंचकर मौके का जायज लिया और फोरेंसिक, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलवाकर बारीकी से जांच कराई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की शुरूआती पड़ताल में हत्या के कारण व आरोपियों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस की मानें तो मृतक की बेटी ने बहराइच के एक संदिग्ध का नाम बताया है। उसके भूमिका की जांच की जा रही है।
थाना घुंघटेर क्षेत्र के सलेमाबाद निवासी रामनरेश सिंह (35) पुत्र स्व. दधीचि सिंह मंगलवार रात अपने घर के बाहर बरामदे में सोए हुए थे।
रात करीब 11.30 बजे तीन लोग आए और रामनरेश पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।
ग्रामीणों ने एंबुलेंस से राम नरेश को इलाज के लिए सीएचसी घुंघटेर भेजा। जहां से गंभीर हालत में डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा में इलाज के दौरान राम नरेश ने दम तोड़ दिया।