बहराइच में पुलिस ने एक ग्रामीण को बीती रात अवैध शराब की बिक्री की आशंका में घर से उठा लिया था। रात में पुलिस हिरासत में उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी का आरोप है कि रुपये न देने पर पुलिस ने पति को पीट-पीटकर मार डाला।
ग्रामीण की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव है। दो थानों की फोर्स को तैनात किया गया है। एसपी ने मामले की जांच एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह को सौंपी है। जांच में दोषी मिलने पर एसपी ने मिहींपुरवा चौकी इंचार्ज, एक हेड कांस्टेबल और एक सिपाही को निलंबित कर दिया है।
डीएम के आदेश पर तीन सदस्यीय चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम रविवार देर शाम को किया है। मोतीपुर थाना अंतर्गत परवानीगौढ़ी गांव निवासी रामखेलावन (42) पुत्र डल्ला और गांव निवासी जवाहर को अवैध शराब के कारोबार में शामिल होने की आशंका में पुलिस ने शनिवार रात घर से उठाया था।