बलरामपुर में एक तेज रफ्तार बाइक से जा रहे युवक के बाइक सहित पुल से टकरा जाने से सिर में गंभीर चोट लग गई। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
महाराजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कुड़वा निवासी विशनू उर्फ भल्लू (30) पुत्र रामवृक्ष अपने गांव से करीब 7:00 बजे अपने ससुराल ग्राम बनघुसरी थाना ललिया जा रहा था कि अचानक ग्राम लैबुड्डी के पास बाइक पुल से टकरा गई।
सिर में गंभीर चोट लगने से वह वहीं पर गिर गया। ग्रामीण व स्थानीय पुलिस की मदद से उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई सोनू ने बताया कि युवक की शादी तीन वर्ष पहले ग्राम बनघुसरी थाना ललिया की शिवराजी के साथ हुई थी। मृतक के एक लड़का है। परिजनों व पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक पीएन तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम किया जा रहा है।