मृतक युवक व गमगीन परिजन व पड़ोसी।
- फोटो : amar ujala
मां की बीपी की दवा लेने के लिए निकले पंडितपुरवा निवासी राजेश कुमार तिवारी उर्फ राजू (40) की शनिवार देर रात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की है।
गांव निवासी राजेश कुमार तिवारी शनिवार रात करीब 10 बजे मां विमला देवी के अचानक बीपी बढ़ने के बाद अपनी मोटरसाइकिल से दवा लाने झिलाही बाजार जा रहे थे। उतरौला-झिलाही मार्ग पर बेहलनिया गांव के पास तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए। इस दौरान रोड पर गिरकर घायल हो गए। उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि आरोपी अज्ञात वाहन चालक वहां से भाग निकला।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष तिवारी समेत लोगों ने उन्हें सीएचसी मनकापुर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाल मनोज पाठक ने बताया कि मृतक के भाई विनय कुमार तिवारी की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। साथ ही घटनास्थल का मुआयना किया गया है। आसपास पूछताछ के आधार पर चालक का पता लगाया जा रहा है। छानबीन की जा रही है।
मौत के बाद मचा कोहराम
पति की मौत की सूचना के बाद पत्नी पूनम बदहवाश हो गईं। मां विमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके परिवार में तीन बेटे आयुष तिवारी (15), ऋषभ तिवारी (12) व लवकेश तिवारी (08) है। राजू तीन भाईयों में सबसे छोटे थे। मौत के बाद सभी का रो-रोकर बुरा हाल रहा है।