राजधानी लखनऊ के चारबाग बस अड्डा परिसर पर स्थित पानी की टंकी पर चढ़े विक्षिप्त ने रविवार आधी रात से सुबह तक पुलिस और रोडवेज अफसरों के पसीने छुड़ा दिए।
पुलिसकर्मी टंकी पर चढ़ने लगे तो विक्षिप्त ने मुक्के मारकर टंकी की रेलिंग तोड़ दी और नीचे खड़े लोगों पर पत्थर बरसाने लगा। एक सिपाही सहित सात यात्रियों को चोटें आई हैं।
करीब चार घंटे हंगामे के बाद ब्रेड खिलाने के बहाने टंकी पर चढ़े सिपाही ने विक्षिप्त को नीचे उतारा। इस दौरान सुबह बस संचालन करीब डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहा।
इंस्पेक्टर नाका राम प्रदीप यादव का कहना है कि विक्षिप्त की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि रात करीब ढाई बजे बस अड्डे पर विक्षिप्त को लोगों ने देखा था। विक्षिप्त टंकी की सीढ़ियां चढ़ने लगा तो यात्रियों ने उसे रोका, लेकिन वह टंकी पर चढ़ गया।
यात्रियों की सूचना पर नत्था तिराहा चौकी इंचार्ज आदेश कुमार, मोबाइल पर तैनात सिपाही राजकुमार, दयानंद तिवारी, पृथ्वीराज बस अड्डा पहुंचे। काफी प्रयास के बावजूद वह नहीं उतरा तो पुलिसकर्मी ऊपर चढ़ने लगा।