लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार में युवती पर दबाव बना रहे टाइल्स मिस्त्री ने सोमवार रात युवती के घर धावा बोला और पिता पर चाकू से हमला करके लहूलुहान कर डाला। चीख सुनकर दौड़े परिवारीजनों ने हमलावर को चाकू समेत दबोचकर पुलिस के हवाले किया है।
पुलिस के मुताबिक, इंदिरानगर में रहकर घरों में टाइल्स लगाने का काम करने वाले रवि गुप्ता ने सोमवार रात चाकू लेकर रतन खंड में हरिश्चंद्र वाल्मीकि के घर धावा बोला। उसकी बेटी को आवाज दी और गालीगलौज करते हुए कमरे की तरफ जाने लगा।
हरिश्चंद्र ने विरोध जताते हुए उसे रोका तो रवि ने हरिश्चंद्र के पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करके लहूलुहान कर डाला। लोगों ने रवि को चाकू समेत दबोचा और पुलिस कंट्रोल रूम कॉल की।
आक्रोशित पड़ोसियों ने रवि की पिटाई करके पुलिस को सौंपा। घायल हरिश्चंद्र को लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक बताते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।