महिला ने सड़क पर बच्चे को दिया जन्म।
- फोटो : amar ujala
बहराइच में डॉक्टरों की संवेदनहीनता के कारण एक महिला ने अस्पताल के सामने सड़क पर ही बच्चे को जन्म दिया। इससे सरकारी अस्पतालों और वहां काम करने वाले डॉक्टरों व कर्मचारियों की संवेदनहीनता एक बार फिर सामने आ गई।
शहर के मोहल्ला बशीरगंज निवासी शफीकुन्निशा के परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन कर्मचारियों ने देर रात होने के कारण उसे भर्ती करने से इन्कार कर दिया। इसी दौरान शफीकुन्निशा को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और वह सड़क पर ही तड़पने लगी।
जिस पर महिला व दूसरे मरीज के परिजनों ने कपड़ों से चादर बनाकर महिला का प्रसव सड़क पर ही करवाया। इस दौरान महिला दर्द से चीखती रही लेकिन अस्पताल से न तो कोई स्ट्रेचर मिली और न ही कोई विशेषज्ञ डॉक्टर उसे देखने आया।
मामले पर जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर डी के सिंह ने बताया अस्पताल के कर्मचारियों की शिकायत मिलने पर उन्हें फटकार लगाई गई है और लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।