लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर तोंदा गांव के पास भीषण कोहरे के चलते रविवार दोपहर 12 बजे आगरा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर कार अनियंत्रित होकर पलट गई और 10 फीट नीचे खंती में जा गिरी।
हादसे में स्टेयरिंग के नीचे दबने से अधिवक्ता की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे एसओ एपी सिंह ने मशक्कत के बाद उन्हें मृत अवस्था में कार से बाहर निकलवाया और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पत्नी मंजुला व अन्य परिवार के लोग शव देख बेहाल हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसे का शिकार हुए अधिवक्ता संजय दीक्षित दो भाइयों में बड़े थे। छोटे भाई धर्मेंद्र दीक्षित गांव में पिता के साथ रहते थे। अधिवक्ता संजय प्रत्येक रविवार लखनऊ से गांव जाते थे और शाम को लखनऊ लौट जाते थे। हादसे के बाद 22 वर्षीय बेटे मनु व 20 वर्षीय बेटी मिनी और पत्नी मंजुला का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं माता लता दीक्षित भी बड़े बेटे की मौत पर बेहाल दिखीं। मृतक के पिता रामकुमार ने कोतवाली में दुघर्टना में मौत होने की तहरीर दी है।