मोहनलालगंज क्षेत्र के राजाखेड़ा गांव के पास मऊ नहर पुल पर मंगलवार रात पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम से हुई मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश संजीव सागर उर्फ बंटी गोली लगने से घायल हो गया। वहीं उसके साथी को भी पुलिस ने मौके से धर दबोचा। पुलिस ने एक बाइक, पिस्टल, तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
शातिर बदमाश पर लखनऊ के कई थाना क्षेत्रों में लूट, हत्या के प्रयास सहित 30 से अधिक केस दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक गऊदीन शुक्ला के मुताबिक, मंगलवार रात साढे़ सात बजे के करीब दो शातिर बदमाशों के मोहनलालगंज-गोसाईगंज मार्ग पर होने की सूचना मिली। वे किसी बड़ी वारदात का अंजाम देने की फिराक में थे।
प्रभारी निरीक्षक जीडी शुक्ला व क्राइम ब्रांच के निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस व क्राइंम ब्रांच की संयुक्त टीम के साथ गनेशखेड़ा गांव के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी जेल की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही काले रंग की बाइक से सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया।
तो दोनों ने बाइक की रफ्तार तेज कर मऊ नहर की कच्ची पटरी की तरफ भगाने लगे। इसके बाद बाइक फिसलने से दोनों गिर गए। गिरने के बाद दोनों ने पिस्टल व तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी।