सीतापुर के सिधौली कोतवाली क्षेत्र में दबंगों ने बुधवार को एक युवती को दिनदहाड़े सड़क से खींचकर सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती को दबंग सड़क के निकट एक खेत में खींच ले गए, जहां पर दरिंदगी की। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पक्ष अलग-अलग समुदाय के होने के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की निवासी युवती (18) बुधवार को सिधौली कस्बा बाजार आयी थी। यहां पर अपना काम निपटाने के बाद वह पैदल ही घर के लिए चल दी। रास्ते में बीबीपुर व टेड़ई खुद के बीच एक सुनसान स्थान पर चार युवक खड़े थे। युवती जैसे ही उधर से गुजरी, चारों युवकों ने उसे दबोच लिया।
इसके बाद उसे करीब के एक खेत में खींच ले गए। जहां पर दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती की चीख सुनकर उधर से गुजर रहे राहगीर व आसपास खेतों में मौजूद किसान जब दौड़े। तब चारों आरोपी मुंह न खोलने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
पीड़िता ने इस संबंध में बीबीपुर निवासी जावेद व अब्दुल तथा दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सिधौली कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक अमोद रंजन चौधरी ने बताया कि मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटना में नामजद आरोपी जावेद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।