लखनऊ। बंथरा में रविवार दोपहर नाला पार करते समय खुर्रमपुर निवासी 21 वर्षीय सोनी रावत इसमें गिर गईं और डूब गईं। पुलिस, दमकल कर्मचारी और एसडीआरएफ सोनी को देर रात तक खोजती रही, मगर कुछ भी पता नहीं चल सका।
सोनी के चचेरे भाई नवनीत कुमार के मुताबिक, कुछ दिन पहले बहन के सगे भाई एक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह घर से कुछ दूर गांव में ही रहते हैं। इस कारण सोनी रोजाना भाई के घर खाना बनाने जाती थी। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह खाना बनाकर घर लौट रही थी, तभी नगवा नाले को पार को करते समय वह अनियंत्रित होकर उसी में गिर गई।
नवनीत ने बताया कि देर शाम तक सोनी के घर न लौटने पर घरवालों ने उसकी खोजबीन की, तभी नाले के पास बहन की चप्पल दिखी। लोगों से पूछताछ करने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। नवनीत व स्थानीय लोगों की मदद से शाम करीब 6:30 से सोनी को नाले में खोजने की कोशिश शुरू हुई, मगर कुछ पता नहीं चलने पर नवनीत ने रात करीब 9:30 बजे बंथरा पुलिस, फायर स्टेशन सरोजनीनगर और एसडीआरएफ को घटना की जानकारी दी।
तीनों विभाग के लोगों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। खबर लिखे जाने तक सोनी का कुछ भी नहीं पता चल सका। बंथरा थाने में तैनात दरोगा प्रमोद कुमार ने बताया कि युवती की तलाश की जा रही है।
युवती की तलाश करती पुलिस।