बाराबंकी जिले के थाना क्षेत्र मसौली में रविवार रात एक स्कूल वैन में आग लगने के बाद अफरातफरी मच गई। आग की लपटें काफी दूर से दिखाई पड़ रही थी। पुलिस को देर से जानकारी हुई। जांच की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार मसौली थाना क्षेत्र के हसनापुर मोड़ के पास रात करीब नौ बजे वैन चालक अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडर से वैन में गैस की रिफिलिंग कर रहा था। इस दौरान अचानक वैन में आग भड़क उठी।
आग इतनी भीषण थी कि दस मिनट में ही वैन पूरी तरह से जलकर राख हो गई। आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मसौली एसएचओ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी रात में नहीं हो सकी। मामले की जांच की जा रही है।