राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र के भूड़पुरवा में जमीन के विवाद में किसान को पहले पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और फिर से छत से फेंक कर मार डाला। मामले में किसान के परिजनों ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
भूडपुरवा गांव निवासी ठाकुर प्रसाद किसानी करता था। 12 बिसुवा जमीन को लेकर उसका बलबीर यादव निवासी इमलिया गांव से विवाद चल रहा था। बलबीर व उसके साथी ठाकुर प्रसाद पर जमीन बेचने का दबाव बना रहे थे। परिजनों का आरोप है कि रविवार दोपहर बलबीर व उसके साथी ठाकुर प्रसाद को घर से ले गए।
इसके बाद सरोरा गांव स्थित देशी शराब की दुकान की छत पर ले जाकर उसे शराब पिलाई और जमीन अपने नाम करने का दबाव डाला। जब ठाकुर प्रसाद ने इससे इनकार कर दिया तो बलबीर व उसके साथियों ने किसान को जमकर पीटा और छत से नीचे फेंककर चले गए।
परिजनों का कहना है कि आरोपी कई दिनों से जमीन अपने नाम करने का दबाव बना रहे थे जिसका ठाकुर प्रसाद ने विरोध किया। ठाकुर प्रसाद के परिवार में पत्नी कमला और उनका बेटा रामबाबू है।