लखनऊ के नगराम के जुबराखेड़ा गांव में बृहस्पतिवार दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने डीजे संचालक संतोष कुमार (30) को गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी।
संतोष दोपहर करीब सवा तीन बजे दोस्त राजेंद्र कोरी के साथ बाइक से घर लौट रहा था तभी जुबराखेड़ा गांव के पास पीछे से आए बदमाशों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर पड़े।
इस बीच बदमाश अपनी बाइक खड़ी करके पास आए और संतोष की पीठ व कनपटी पर गोली मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद बदमाश असलहे लहराते हुए फरार हो गए।
वारदात की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। संतोष की पत्नी ने रोहित नाम के युवक पर शक जताया है। वहीं, पुलिस प्रॉपर्टी के विवाद, रंजिश और लेनदेन की भी छानबीन कर रही है।