लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी में 14 दिसंबर की रात वाराणसी में शिवपुर के रहने वाले होटल कारोबारी रितेश उपाध्याय पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने तीन नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक रितेश इंदिरानगर के लेखराज मार्केट में रहते हैं। वह सुशांत गोल्फ सिटी में होटल चलाते हैं। उनकी आशुतोष से कारोबार को लेकर रंजिश है। रितेश ने बताया कि 14 दिसंबर को रात नौ बजे वह दोस्तों के साथ सुशांत गोल्फ सिटी ओमैक्स आर-2 अपार्टमेंट गए थे। वहां पहले से घात लगाए बैठे आशुतोष, उसका साथी लिटिल, शिवांश व 10 अज्ञात लोगों ने उन पर धारदार हथियार और रॉड से हमला कर दिया। इसमें उनका सिर फट गया। रितेश की हालत गंभीर देख आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। किसी तरह से दोस्तों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। तीन दिन इलाज कराने के बाद उन्होंने बुधवार को थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं, जो उनके घरों में दबिश दे रही हैं।