बाराबंकी जिले की फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के लहसी गांव में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक दलित विधवा महिला का खून से सना शव खेत में मिला जिसका गला तेज धारदार हथियार से रेता गया था। इस सनसनीखेज हत्या का कारण पैसे और टूटे संबंध निकले। पुलिस ने महज 10 घंटे में मामले का खुलासा करते हुए गांव के ही सर्वेश वर्मा को गिरफ्तार किया जिसने हत्या की चौंकाने वाली वजह बताई।
पैसा, अपमान और गुस्से का भयानक अंजाम
गांव की मीना कुमारी (35), जो तीन बच्चों की मां और विधवा थी का आरोपी सर्वेश वर्मा से करीबी रिश्ता था। दोनों के बीच फोन पर अक्सर बातचीत होती थी। इस दौरान मीना ने सर्वेश से हजारों रुपये उधार लिए लेकिन कुछ दिनों पहले मीना ने उससे सभी रिश्ते तोड़कर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया और गांव में उसकी बुराई भी करने लगी। इस अपमान से गुस्साए सर्वेश ने मीना को खत्म करने की योजना बना डाली।
खेत में मिला था खून से सना शव
शनिवार दोपहर मीना शौच के लिए कहकर घर से निकली थी। जब वह देर तक नहीं लौटी तो उसका देवर राजू उसे ढूंढने निकला। करीब 400 मीटर दूर राम मनोहर के आलू के खेत में मीना का खून से लथपथ शव पड़ा मिला था। फतेहपुर के कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि पुलिस ने चाकू बरामद कर लिया है।